झांसी में डेढ़ लाख ने अदा बकरीद की नमाज़:एक साथ दुआओं में उठाए हाथ, अल्लाह को राजी करने के लिए दी जा रही कुर्बानी


झांसी में गुरुवार को ईद उल जुहा (बकरीद) का त्योहार धार्मिक आस्था और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। पठौरिया और गरियाफाटक की ईदगाहों में हजारों लोगों ने एक साथ बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने मुल्क में अमन-ओ-अमान, तरक्की और आपसी सौहार्द बनाए रखने की दुआ मांगी। पठौरिया ईदगाह में मुफ्ती साबिर कासमी ने नमाज अदा कराई। उन्होंने अपने बयान में कहा कि बकरीद त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का पैगाम देने वाला त्योहार है। वहीं, गरियाफाटक ईदगाह में हाफिज हसनैन की इमामत में नमाज हुई। नमाज पूरी होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। नमाज के बाद नमाजी अपने-अपने घरों को लौटे, जहां सुन्नत के मुताबिक कुर्बानी दी गई। कई इलाकों में सुबह से ही लोगों में त्योहार को लेकर उत्साह देखने को मिला। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। लोगों ने नए कपड़े पहनकर ईदगाहों में नमाज अदा की। बकरीद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ईदगाहों, मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। शहर के प्रमुख चौराहों और ईदगाहों के आसपास बैरिकेडिंग भी की गई। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो सके। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने ईदगाहों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। त्योहार के मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी ईदगाह पहुंचे। सपा, कांग्रेस और बसपा नेताओं ने मुस्लिम समाज के लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पूरे शहर में त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *