![]()
झांसी में करंट लगने से एक बिजली कर्मचारी की मौत हो गई। शनिवार देर रात 11KV की लाइन में फाल्ट आ गया था। बिजली कर्मचारी राेहित राजपूत (32) पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहा था। तभी करंट का जोरदार झटका लगा। लगभग 5 मिनट बाद रोहित पोल से नीचे गिर गया। यह देख साथी कर्मचारी मौके से भाग गया। आसपास के लोगों ने पुलिस और विद्युत अफसरों को सूचना दी। घायल को अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के अठौंदना रोड का है। नंदनपुरा पॉवरहाउस में ड्यूटी थी रोहित राजपूत (32) पुत्र हेमराज राजपूत रक्सा के ढिकौली गांव का रहने वाला था। उसके भाई प्रमोद राजपूत ने बताया- रोहित विद्युत विभाग में संविदाकर्मी के तौर पर लाइनमैन था। फिलहाल उसकी ड्यूटी नंदनपुरा पॉवरहाउस में थी। शनिवार रात को वह नाइट ड्यूटी के लिए घर से आया था। यहां आने के बाद एसएसओ बोले कि अठौंदना 11केवी लाइन ब्रेकडाउन हो गई। ठीक करके आओ। 11केवी लाइन की ट्रॉली लेकर रोहित निकल पड़ा। साथ में एक कर्मचारी और था। दोनों अठौंदना रोड पर हांडा फार्महाउस के पास पहुंचे। यहां पोल पर चढ़ने से पहले रोहित ने एसएसओ को फोन लगाया कि ट्रॉली बाहर है। मैं ऊपर चढ़ रहा हूं। एसएसओ के हां बोलने पर रोहित पोल पर चढ़कर बिजली सुधारने लगा। थोड़ी देर बाद ही लाइन में करंट आने से रोहित को जोरदार झटका लगा और वह 5 मिनट बाद पोल से नीचे गिर गया। यह देख साथी कर्मचारी भाग गया। आसपास के लोगों ने पुलिस और विद्युत अफसरों को सूचना दी। तब सभी लोग मौके पर पहुंचे और रोहित को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 4 दिन बाद था बर्थडे रोहित की मौत के बाद घर में मातम छाया है। रोहित का 4 दिन बाद 29 मई को बर्थडे था। इस बार घरवाले केक काटकर उसका बर्थडे मनाने की तैयारी कर रहे थे। रोहित की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। रोहित की दो बेटियां मनु (8) और माही (6) और एक बेटा कार्तिक (5) है। रोहित की मौत की खबर सुनकर पत्नी सुधा बेहोश हो गई। पुलिस के अनुसार, करंट लगने से रोहित की मौत हुई है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
Source link
झांसी में करंट लगने से बिजली कर्मचारी की मौत:लाइन ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था, करंट लगते ही साथी भाग गया