झांसी में उमस और धूप की दोहरी मार:अगले पांच दिन नहीं बारिश बारिश के आसार, टेम्परेचर 36℃ पहुंचा


झांसी मानसून की सुस्ती का असर अब लोगों की दिनचर्या पर भी दिखाई देने लगा है। जिले में पिछले कई दिनों से अच्छी बारिश नहीं होने के कारण उमस लगातार बढ़ रही है। सुबह से निकल रही तेज धूप और हवा में नमी के चलते लोगों का हाल बेहाल है। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर भीड़ कम नजर आ रही है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मंगलवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के साथ गर्मी का असर महसूस होने लगा है। दोपहर में चिपचिपी गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। पसीना सूखने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे कूलर और पंखे भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। वहीं, बिजली की खपत बढ़ने से लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों तक जिले में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश के आसार बेहद कम हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। विशेषज्ञ डॉक्टर एके सिंह का कहना है कि मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं, जिसके कारण बुंदेलखंड क्षेत्र में बारिश का इंतजार बढ़ गया है। बारिश नहीं होने से वातावरण में नमी बनी हुई है और इसी वजह से उमस का असर अधिक महसूस हो रहा है। यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो लोगों को गर्मी और उमस से और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। सबसे ज्यादा परेशानी दुपहिया वाहन चालकों, बाजारों में काम करने वाले लोगों और बाहर मजदूरी करने वालों को हो रही है। दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो रही है और लोग छांव की तलाश करते नजर आ रहे हैं। वहीं, शाम के समय भी गर्म हवाओं और उमस के कारण राहत नहीं मिल पा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *