![]()
जौनपुर जनपद में तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई। इसमें विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल और जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र भी उपस्थित रहे। बैठक में मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने महोत्सव के सफल आयोजन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जौनपुर महोत्सव 24, 25 और 26 मार्च को शाही किले में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव को भव्य और आकर्षक रूप से आयोजित किया जाए, ताकि जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने स्थानीय कलाकारों और लोक संस्कृति को विशेष स्थान देने पर जोर दिया, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले। महोत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने आश्वस्त किया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी भव्य सामूहिक विवाह सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह के लिए जोड़ों का शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनियां और ‘एक जनपद एक उत्पाद’ सहित अन्य विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बैठक में अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधिगण और विभिन्न विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
Source link
जौनपुर महोत्सव की तैयारियों पर बैठक:शाही किले में 24 से 26 मार्च को होगा आयोजन