जालौन में कुएं में डूबे दो सगे भाई:मोटर निकालने उतरे छोटे भाई को बचाने बड़ा भाई कूदा, दोनों की गई जान


जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र के करियावली गांव में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में लगी पानी की मोटर निकालने कुएं में उतरे दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई भी उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया। हादसे की सूचना पर पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करियावली निवासी फूल सिंह कुशवाहा (65) और उनके छोटे भाई राम लखन कुशवाहा (55) का गांव के बाहर खेत है। खेत में करीब 60 फीट गहरा कुआं है, जिसमें पानी खींचने के लिए मोटर लगी हुई थी। हाल में हुई बारिश के कारण कुएं में पानी बढ़ गया था और मोटर पानी में डूबने लगी थी। 5 तस्वीरें देखिए- मोटर निकालने कुएं में उतरा था छोटा भाई शुक्रवार सुबह राम लखन रस्सी के सहारे मोटर निकालने के लिए कुएं में उतरे। पानी अधिक होने के कारण वह गहरे पानी में डूबने लगे। छोटे भाई को डूबता देख फूल सिंह भी उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए। कुछ ही देर में दोनों भाई पानी में समा गए। ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कैलिया पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना दुर्घटनावश हुई है। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। दोनों भाइयों की मौत से परिवार में मातम पसरा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *