जालौन में आंधी-बारिश से तबाही, कई लोग घायल:पेड़-खंभे गिरे, 12 घंटे से बिजली-यातायात ठप


जालौन में गुरुवार की रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने पूरे जनपद में भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और 80 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। जिले के कई इलाकों में पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, बिजली के खंभे टूट गए और टीनशेड उड़कर दूर जा गिरे। तूफान के चलते लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आंधी के दौरान कई स्थानों पर मकानों की दीवारें और टीनशेड गिरने से बच्चों समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। तेज तूफान के कारण शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ ग्रामीण संपर्क मार्गों पर भी यातायात प्रभावित रहा। कई जगह सड़क पर बड़े पेड़ गिर जाने से घंटों तक वाहन फंसे रहे और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
5 तस्वीरों में देखिए नुकसान और घायल…
इसी बीच उरई-राठ मार्ग पर हाई टेंशन लाइन का एक विशाल खंभा अचानक भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। खंभे के साथ बिजली के तार भी सड़क पर फैल गए, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के बीच जोरदार आवाज के साथ खंभा गिरा, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए। गनीमत यह रही कि कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और पुलिस ने मार्ग पर आवाजाही रोक दी। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से गिरे हुए खंभे और पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू किया। साथ ही क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों को दुरुस्त करने का काम भी युद्धस्तर पर जारी रहा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *