![]()
मऊ जिले के दोहरीघाट ब्लॉक क्षेत्र में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने 3.86 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित बंधे का लोकार्पण किया। यह बंधा बीबीपुर बेलौली से चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल (हेड कैनाल) तक 700 मीटर लंबा है। इसके निर्माण से दर्जनों गांवों को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी। क्षेत्र के ठाकुर गांव, गोधनी, सरया, धरमपुर, गौरीडीह और जमीरा चौराडिह सहित कई गांवों के लोग हर साल बाढ़ की समस्या से जूझते थे। बंधा न होने के कारण बाढ़ के पानी से उनकी फसलें बर्बाद हो जाती थीं। किसान लंबे समय से इस बंधे के निर्माण की मांग कर रहे थे।
पिछले वर्ष निरीक्षण के दौरान जलशक्ति मंत्री से किसानों ने बंधे के निर्माण की मांग की थी। इस पर मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर भेजने का निर्देश दिया था। सिंचाई विभाग के प्रस्ताव को शासन ने स्वीकृत कर 3 करोड़ 86 लाख 61 हजार रुपये की धनराशि जारी की थी। धनराशि मिलते ही सिंचाई विभाग ने तेजी से काम शुरू कर दिया था। शनिवार देर शाम काम पूरा होने पर मंत्री ने मंत्रोच्चारण के बीच बंधे का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सरयू नदी से होने वाली कटान पर रोक लगाने, जलस्तर और बंधों की कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए। मंत्री ने चेतावनी दी कि कटान या बंधे के टूटने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल नहर का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यांत्रिक विभाग के अवर अभियंता से नहर के बारे में पूरी जानकारी ली और अधिकारियों को नहर को पूरी क्षमता से चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी माइनरों में पानी पहुंचे। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों ने माइनर में पानी न होने की शिकायत की, तो कार्रवाई तय है। इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
Source link
जलशक्ति मंत्री ने 3.86 करोड़ के बंधे का लोकार्पण किया:बीबीपुर बेलौली से हेड कैनाल तक 700 मीटर लंबा नया बंधा बनेगा