![]()
उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र में जमीन खरीदने को लेकर एक व्यक्ति को फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पीड़ित और उसके साथियों को जमीन छोड़ने की चेतावनी दी। पीड़ित की शिकायत पर अजगैन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात नंबर से आया फोन, जमीन छोड़ने की धमकी नवाबगंज के दुर्गा मंदिर रोड निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र रामराज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने कहा कि देवेंद्र ने नवाबगंज और आसपास के गांवों में जमीन खरीदी है। इसके बाद आरोपी ने जमीन छोड़ने के लिए धमकाया। आरोप है कि कॉलर ने देवेंद्र सिंह, उनके साथी दिनेश कुमार और छोटे भाई शिवेंद्र सिंह को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। कई बार फोन कर धमकाने का आरोप देवेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उक्त मोबाइल नंबर से उन्हें कई बार धमकी भरे फोन किए गए। उनके पास इन कॉल की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। लगातार मिल रही धमकियों के बाद देवेंद्र और उनका परिवार डरा हुआ है। पीड़ित ने आशंका जताई कि धमकी देने वाला उनकी और परिवार के सदस्यों की हत्या करा सकता है। उन्होंने पुलिस से मोबाइल नंबर की जांच करने, आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच में जुटी पुलिस अजगैन पुलिस ने रविवार शाम देवेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई, उसकी जांच कर रही है। कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अजगैन इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
जमीन न छोड़ने पर करोबारी को हत्या की धमकी:कॉलर ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया