![]()
सहारनपुर के बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने बुधवार को गौकशी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि ये आरोपी जंगल में घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर गौकशी करने की तैयारी कर रहे थे। मौके से एक जिंदा गौवंश के साथ गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, थाना बिहारीगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव झीबरहेड़ी और ग्राम हमीरपुर के बीच पोपलर के खेत में लगे ट्यूबवेल के पास कुछ लोग गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को दबोच लिया गया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौशाद पुत्र रिजवान निवासी नियामतपुर थाना बेहट, हारून पुत्र जाहिद निवासी चक अवाबाकरपुर नौगावा थाना मिर्जापुर और फुरकान पुत्र सुक्कड़ निवासी लामग्रंट थाना भगवानपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा गौवंश, दो छुरे, एक कुल्हाड़ी, लकड़ी का गुटका और तीन प्लास्टिक की रस्सियां बरामद की हैं। इस मामले में थाना बिहारीगढ़ में गौवध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे रात के समय जंगलों में घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़कर गौकशी करते थे। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पकड़े गए आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, विजय सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Source link
जंगल में गौकशी की तैयारी कर रहे तीन गोकश गिरफ्तार:सहारनपुर में पुलिस ने घेराबंदी कर जिंदा गौवंश और हथियारों समेत पकड़ा