छेड़छाड़ की शिकायत पर बुजुर्ग से मारपीट, मौत:कानपुर देहात में मारपीट के दौरान सिर पर चोट लगी, इलाज के दौरान तोड़ा दम


कानपुर देहात में अमराहट थाना क्षेत्र के जाफरापुर गांव में नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत को लेकर हुए विवाद में घायल 62 वर्षीय नेत्रहीन बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि 3 अगस्त को शिकायत करने पहुंचे परिजनों के साथ पड़ोसियों ने मारपीट की थी। इसी दौरान बुजुर्ग के सिर पर ईंट से हमला किया गया था। गंभीर हालत में उनका कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शनिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई के अनुसार, 3 अगस्त को उनकी नाबालिग बेटी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई थी। इसकी शिकायत करने के लिए वह परिवार के साथ पड़ोसी कमलेश शुक्ला के पास गए थे। आरोप है कि इसी दौरान कमलेश के बेटे और पड़ोसी रूप सिंह राठौर, वीरेंद्र, जितेंद्र समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उनके बड़े भाई के सिर पर ईंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मृतक जन्म से दृष्टिबाधित थे।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन मामले में गंभीर कार्रवाई नहीं हुई और शांतिभंग में कार्रवाई कर मामला शांत करा दिया गया। हालांकि पुलिस के अनुसार, घटना के आधार पर वादी की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घायल का कानपुर में इलाज चल रहा था। शनिवार को उनकी मौत के बाद पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई और शव गांव पहुंचाया। शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी सिकंदरा सौरभ कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उनकी आशंकाओं को दूर किया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। क्षेत्राधिकारी सौरभ कुमार वर्मा ने बताया कि 3 अगस्त को ग्राम जाफरापुर में मारपीट की घटना हुई थी। वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में घायल एक व्यक्ति का कानपुर में इलाज चल रहा था, जिसकी शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। नियमानुसार पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई है। उन्होंने बताया कि घटना और विवेचना को लेकर परिजनों की कुछ आशंकाएं थीं, जिन्हें बातचीत के जरिए दूर किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *