![]()
कुशीनगर में भारतीय किसान संघ ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की है। ज्ञापन में गन्ने का मूल्य बढ़ाकर ₹600 प्रति क्विंटल करने, चीनी मिलों द्वारा जिस मूल्य पर गन्ना खरीदा जाए, उसी मूल्य पर किसानों को गन्ने का बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर ₹12 हजार सालाना करने और गांव-गांव कैंप लगाकर फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराने की मांग उठाई गई। किसान संघ ने कृषि कार्य के लिए बिजली ऊर्जा निशुल्क करने, सोलर सिस्टम पर अनुदान देने तथा किसानों की सभी जमीनों को आधार से लिंक कराने की मांग की। ज्ञापन में घड़रोज की समस्या के समाधान के लिए बिहार की तर्ज पर प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई। इसके अलावा नहरों में गिरने वाले गंदे पानी को रोकने, नहरों का पानी हेड से टेल तक पहुंचाने, नहरों से अतिक्रमण हटाने और पुराने बाढ़ नालों की समय से सफाई कराने की मांग की गई। जलभराव से धान की फसल बर्बाद होने वाले किसानों को चिन्हित कर मुआवजा देने की भी मांग रखी गई। संघ ने नहर सुविधा से वंचित क्षेत्रों में सरकारी ट्यूबवेल लगाने, विशेषकर केला किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने, नगर पंचायतों में शामिल गांवों के किसानों को विकासखंडों की तरह सरकारी सुविधाएं देने और कुशीनगर में जमीन की सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की। ज्ञापन में किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़े किसानों का सिविल खराब न करने, फसल खराब होने की स्थिति में राहत देने तथा सभी किसानों को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है। भारतीय किसान संघ ने प्रशासन और शासन से किसानों की इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान कराने की अपील की। ज्ञापन देने वालों में जिला मंत्री महेंद्र मणि त्रिपाठी और आनंद कुमार तिवारी सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source link
किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन:भारतीय किसान संघ ने कहा- गन्ने का मूल्य बढ़ाएं, किसान सम्मान निधि 12000 करें