![]()
संतकबीरनगर में बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने बुधवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों का निरीक्षण किया। त्योहार से एक दिन पहले उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने ईदगाहों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नमाज से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और त्याग का संदेश देता है। यह पर्व गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। नगर पालिका अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका की टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि नागरिकों को कोई परेशानी न हो। स्थानीय लोगों ने भी नगर पालिका द्वारा की जा रही तैयारियों की सराहना की और प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान अब्दुल्ला खान, सभासद असलम अंसारी, पंकज बाबू, उमेश बाबू, शहाबुद्दीन, नबीउल्लाह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Source link
चेयरमैन ने ईदगाहों का निरीक्षण किया:बकरीद से पहले नमाजियों के लिए टेंट, साफ-सफाई का जायजा लिया