![]()
चित्रकूट के चकमाली अमानपुर कर्वी के निवासियों ने बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। निवासियों ने अपने मोहल्ले में उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से निजात मिल सके। मोहल्लेवासियों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से उनके क्षेत्र में बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। लगभग 150 से अधिक घरों में प्रतिदिन फ्यूज उड़ने, लो वोल्टेज की समस्या और रातभर बिजली गुल रहने जैसी दिक्कतें आम हैं। उनका आरोप है कि रानीपुर के जेई फोन नहीं उठाते, जिससे शिकायतें अनसुनी रह जाती हैं। पी.एन. श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि मोहल्लेवासी पिछले तीन वर्षों से उच्च क्षमता या 250 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए अधिशासी अभियंता चित्रकूट को कई बार पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने तहसील दिवस में भी प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के बाद, उन्होंने निवासियों को आश्वासन दिया है कि वे इस मामले में आख्या मंगाकर समस्या का निवारण कराएंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में पी.एन. श्रीवास्तव, राघवेंद्र सिंह चौहान, विमला सिंह, महेश प्रसाद, रोहित पटेल, लाल बहादुर निषाद, अतुल द्विवेदी, श्याम सुंदर और नरेंद्र कुमार सहित कई अन्य निवासी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में जल्द से जल्द उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत समस्या से मुक्ति दिलाने की गुहार लगाई।
Source link
चित्रकूट में बिजली समस्या पर डीएम से मिले लोग:उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, लो वोल्टेज से परेशानी