चित्रकूट में आंधी-बारिश से तबाही:कई गांवों में बिजली गुल, कच्चे मकानों को भारी नुकसान


चित्रकूट जिले में शुक्रवार तड़के आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने कई गांवों में भारी तबाही मचाई। रात करीब 3 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया, जिसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई जगह बिजली के खंभे टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। कच्चे मकानों और छप्परों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। सदर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिहारा में आंधी का सर्वाधिक असर देखा गया। ग्रामीणों के अनुसार, हवा इतनी तेज थी कि कई घरों के ऊपर रखे टीन शेड और छप्पर उड़कर दूर जा गिरे। गांव निवासी संतोष कुमार पांडे के घर का तीन दीवारों वाला बड़ा छप्पर तेज हवा में उखड़ गया और लगभग 500 मीटर दूर खेत में जा गिरा। इसी तरह, हरिओम पांडे के घर का छप्पर भी उड़कर पड़ोस में गिरा। तेज हवा के दबाव से कई मकानों की दीवारें भी धराशायी हो गईं। बिजली के खंभे टूटने के कारण कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने से रास्ते भी अवरुद्ध हो गए। हालांकि, किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान हुआ है। आंधी और बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और लू से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, अचानक आए तूफान ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिन परिवारों के छप्पर और दीवारें गिरी हैं, उनके सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। वहीं, प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किए जाने की बात कही जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *