चंदौली में 8 घंटे से बारिश, बांधों से छोड़ा पानी:सैकड़ों बीघा धान जलमग्न, अस्पताल परिसर बना तालाब


चंदौली जिले में पिछले आठ घंटे से हो रही लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। मूसाखाड़ और लतीफ शाह बांधों के लबालब भरने के बाद उनसे पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे कर्मनाशा नदी के तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल है। बुधवार की भोर से ही जिले में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। इस बारिश के चलते मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापक जलभराव देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि बांधों से अधिक पानी छोड़े जाने पर उनकी फसलें और पशुओं का चारा बर्बाद हो सकता है। बारिश के कारण सकलडीहा क्षेत्र में मनिहार लेहरा ड्रेन टूट गया है, जिससे सैकड़ों बीघा धान की फसलें जलमग्न हो गई हैं। किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। जलभराव का असर बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल पर भी पड़ा है। अस्पताल परिसर पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गया है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए पानी में चलकर जाना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन ने पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की है, लेकिन समस्या अभी भी बनी हुई है। चकिया स्थित लतीफ शाह बांध से करीब 3 फीट ऊंचा पानी ओवरफ्लो होकर कर्मनाशा नदी में गिर रहा है। वहीं, मूसाखाड़ बांध के दो गेट खोलकर लगभग 500 क्यूसेक पानी कर्मनाशा नदी में छोड़ा गया है। जिला प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शहाबगंज और चकिया इलाके में 6 बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। कर्मनाशा नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *