चंदौली में शहीद दिवस पर स्मारक भवन का लोकार्पण:विधायक ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी, बुकलेट की घोषणा की


चंदौली जिला मुख्यालय के सैयदराजा स्थित शहीद स्मारक पर शुक्रवार को शहीद दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने 1 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित शहीद स्मारक भवन का भी लोकार्पण किया। विधायक सुशील सिंह ने बताया कि 28 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान सैयदराजा क्षेत्र के तीन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी फेकू राम, श्रीधर और गणेश ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। इन शहीदों की स्मृति में प्रतिवर्ष 28 अगस्त को शहीद दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और योगदान की जानकारी देने के लिए उनके जीवन और संघर्ष पर एक बुकलेट प्रकाशित की जाएगी। यह बुकलेट सैयदराजा विधानसभा के प्रत्येक गांव और कस्बे में उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि लोग अपने शहीदों के इतिहास से अवगत हो सकें। इस दौरान विधायक ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से शहीदों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। विधायक सुशील सिंह ने सैयदराजा विधानसभा को प्रदेश की सबसे अग्रणी विधानसभा बनाने का भी संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि वे इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार संघर्षरत और सक्रिय हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *