![]()
चंदौली के कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को दिशा कमेटी की बैठक समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक से मीडिया को पूरी तरह दूर रखा गया और विकास योजनाओं पर चर्चा बंद कमरे में हुई। बैठक में सपा और भाजपा दोनों दलों के जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल थे। कलेक्ट्रेट परिसर को सुरक्षा के मद्देनजर छावनी में तब्दील कर दिया गया था, जहां पुलिस और पीएसी के जवानों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया था। आपको बता दें कि दिशा कमेटी की बैठकें प्रत्येक वर्ष लोकसभा सांसद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित होती हैं। इन बैठकों में विभिन्न विभागों की विकास कार्य योजनाओं और कानून व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की जाती है, तथा भविष्य के विकास का खाका तैयार किया जाता है।
सूत्रों के अनुसार, पिछली बार हुई दिशा कमेटी की बैठक के दौरान सपा और भाजपा के जनप्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस का एक वीडियो वायरल हो गया था। इस घटना से दोनों दलों के नेताओं की काफी किरकिरी हुई थी। इसी कारण इस बार बैठक को बंद कमरे में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, इस तरह से बंद कमरे में बैठक आयोजित करने को लेकर लोगों के बीच काफी चर्चा है। कई लोगों का कहना है कि सपा सांसद की अध्यक्षता में यह पहली बार है जब ऐसी महत्वपूर्ण विकास बैठक सार्वजनिक रूप से करने के बजाय गोपनीय तरीके से की जा रही है।
Source link
चंदौली में दिशा कमेटी की बैठक:सपा सांसद की अध्यक्षता में बंद कमरे में हो रही विकास योजनाओं पर चर्चा