चंदौली में कांस्टेबल परीक्षा का पहला दिन संपन्न:11 केंद्रों पर दो पालियों में हुई, एसपी ने किया निरीक्षण


चंदौली जनपद में यूपी पुलिस कांस्टेबल प्रवेश परीक्षा का पहला दिन सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। जिले के कुल 11 केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से प्रवेश दिया गया, जबकि दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे से जांच के बाद परीक्षा हॉल में भेजा गया। प्रत्येक अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश से पहले कड़ी सुरक्षा जांच और बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के बाहर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश पटेल ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी पटेल ने बताया कि पूरे जनपद में यूपी पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है और इसमें किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है। उन्होंने सुरक्षा उपायों पर संतोष व्यक्त किया। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों में उत्साह देखा गया। कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि गणित के प्रश्न कठिन थे, लेकिन कुल मिलाकर पेपर पिछली बार की तुलना में आसान लगा। अभ्यर्थियों ने इस बार कटऑफ ऊपर जाने की पूरी संभावना जताई है। बलिया की आंचल कुमारी ने बताया कि उन्हें गणित के प्रश्न कठिन लगे, जबकि अन्य सभी प्रश्न आसान थे। सोनभद्र की कुसुम ने कहा कि पेपर बहुत आसान था और परीक्षा देने में कोई दिक्कत नहीं हुई। बलिया के मनोज कुमार ने भी पेपर को आसान बताया। चंदौली जिले के इन 11 केंद्रों पर यह प्रवेश परीक्षा कुल तीन दिनों तक लगातार दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *