![]()
चंदौली जिले के सदर ब्लॉक स्थित बरठा गांव के एक पुराने प्राकृतिक तालाब को ‘अमृत सरोवर’ और ‘उत्तरापथ अमृत वन वाटिका’ के रूप में विकसित किया गया है। सोमवार शाम को प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री और जिले के प्रभारी संजीव कुमार गोंड तथा राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने इसका लोकार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर जगत साई भी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने इस दौरान बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को भ्रमण व मनोरंजन के लिए एक सुंदर स्थान प्रदान करने हेतु तालाब का पुनरुद्धार किया गया है। इस सरोवर के चारों ओर वॉकिंग ट्रैक, बेंच, हरियाली (गार्डन), सुलभ शौचालय और हाईटेक टिन शेड लगाए गए हैं। मंत्री ने आगे कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के पास होने के कारण यह स्थान दिल्ली से बंगाल और बिहार राज्यों के पर्यटकों के लिए एक पर्यटन स्थल बन सकेगा। उन्होंने बताया कि यह पहल ‘अमृत सरोवर’ मिशन के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य भूजल स्तर को बढ़ाना और गांव के पर्यावरण को सुंदर बनाना है। राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने इस परियोजना को जल संरक्षण, हरित वातावरण और प्राकृतिक संतुलन को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित उत्तरापथ अमृत वन वाटिका क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ वर्षा जल संचयन को प्रोत्साहित कर भूजल स्तर सुधारने में भी सहायक होगी। यह परियोजना स्वच्छता, सतत विकास और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
Source link
चंदौली के बरठा में अमृत सरोवर का लोकार्पण:राज्य मंत्री संजीव गोंड और सांसद दर्शना सिंह ने किया उद्घाटन