चंदौली के उकनी गांव में अवैध खनन:सरकारी तालाब से रात में निकाली जा रही मिट्टी, सुबह होते ही काम बंद


चंदौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के उकनी वीरमराय गांव में मत्स्य पालन के लिए आवंटित सरकारी तालाब से अवैध रूप से मिट्टी निकाली जा रही है। यह खनन कार्य रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर किया जा रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में रोष है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस अवैध खनन में दो जेसीबी मशीनें और एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर का उपयोग किया जा रहा है। खनन का यह पूरा खेल रात में शुरू होकर सुबह सात बजे तक चलता है। ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफिया की दबंगई के कारण वे रात में खनन स्थल पर जाने से डरते हैं। किसानों ने आरोप लगाया है कि यह पूरा अवैध खनन तहसील प्रशासन, खनन विभाग और पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है। करीब 10 बीघे का यह सरकारी तालाब भीषण गर्मी में पूरी तरह से सूख गया है, जिससे जानवरों को पानी पीने सहित अन्य आवश्यक कार्य बाधित हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, खनन माफिया पट्टा धारकों को कुछ रुपयों का लालच देकर तालाब से प्रतिदिन लगभग एक लाख से डेढ़ लाख रुपये की मिट्टी निकाल रहे हैं। शिकायत के बावजूद अधिकारी इस मामले को नजरअंदाज कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के मंडल प्रवक्ता मनिदेव चतुर्वेदी ने इस अवैध खनन पर गहरी आपत्ति जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर रोक नहीं लगी तो भारतीय किसान यूनियन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। इस संबंध में, एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी और खनन विभाग के अधिकारियों को भी पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि अवैध रूप से खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *