घोसी सांसद राजीव राय का एडिटेड वीडियो:सपा कार्यकर्ताओं ने छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए दी शिकायत


मऊ जनपद की घोसी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद राजीव राय का एक एडिटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। इस वीडियो के जरिए सांसद की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया गया है। गुरुवार देर शाम सपा कार्यकर्ताओं ने दोहरीघाट थाने में इस संबंध में एक शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में सांसद राजीव राय के एक बयान को आपत्तिजनक सामग्री के साथ जोड़ा गया है। वीडियो में ऊपर सांसद यह कहते हुए दिख रहे हैं कि “यह हमारा दिया हुआ संस्कार है”, जबकि इसके नीचे एक अन्य वीडियो चल रहा है। इस निचले वीडियो में एक युवक भाजपा के झंडे के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करता दिख रहा है। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सांसद के वीडियो को कुछ सेकंड का काटकर इस आपत्तिजनक वीडियो के साथ जोड़कर प्रसारित किया जा रहा है। यह घटना एक दिन पहले भाजपा के झंडे के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने वाले एक युवक के वीडियो के वायरल होने के बाद सामने आई है। उस मामले में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोहरीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अब उसी आपत्तिजनक वीडियो से जोड़कर घोसी सांसद राजीव राय का वीडियो तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिससे सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। घोसी सांसद राजीव राय के प्रतिनिधि प्रभात राय और युवजन सभा के प्रदेश सचिव अजय यादव आंसू ने बताया कि सोशल मीडिया पर सांसद की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह एडिटेड वीडियो वायरल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कृत्य का कड़े शब्दों में विरोध करती है। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी सांसद के सम्मान में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। शिकायती पत्र देने वालों में सुजित विश्वकर्मा, राजेश गुप्ता, सतीश यादव, बृजेश राय, विनोद यादव, लालबाबू सोनकर, अंकुश यादव, अनूप विश्वकर्मा सहित कई अन्य सपा कार्यकर्ता शामिल थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *