घाटमपुर में मारपीट बनी हत्या, इलाज के दौरान मौत:तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल, अन्य की तलाश में पुलिस टीमें जुटीं


घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा कस्बे में 14 जून की रात हुई मारपीट की घटना में घायल अधेड़ की उपचार के दौरान मौत हो गई। करीब 15 दिनों तक हैलट अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मंगलवार रात अधेड़ ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। बुधवार देर शाम शव पतारा पहुंचा और गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे धरमपुर बंबा स्थित रिंद नदी किनारे अंत्येष्टि स्थल पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अन्य की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई है। पतारा कस्बा निवासी जोगेंद्र सोनकर की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 14 जून की रात वह अपने चाचा 50 वर्षीय सुशील सोनकर के साथ होली तालाब रोड स्थित महीपाल सिंह के आम के बगीचे में मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान साहिल कुशवाहा, आर्य पांडेय, छोटू पांडेय उर्फ अभिषेक, ऋतुराज सिंह तथा कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में सुशील सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जोगेंद्र को भी चोटें आईं। घटना के बाद घायल सुशील को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में लगातार उपचार चल रहा था, लेकिन मंगलवार रात उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुरुवार को मृतक का अंतिम संस्कार धरमपुर बंबा स्थित रिंद नदी किनारे अंत्येष्टि स्थल पर परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में किया गया। वहीं, पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए तीन नामजद हत्यारोपियों आर्य पांडेय, छोटू पांडेय उर्फ अभिषेक और साहिल कुशवाहा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में जेल भेज दिया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *