घनश्याम यादव हत्याकांड के 50 घंटे बाद भी आरोपी फरार:गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित, बेटे को बचाने के दौरान हमले में गई थी जान


ललितपुर के बुढ़वार मार्ग पर 28 जुलाई को हुए घनश्याम यादव हत्याकांड के 50 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हमले में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय घनश्याम यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बुधवार रात उनका अंतिम संस्कार किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और चश्मदीदों में भय का माहौल है। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार वाजपेई ने आरोपियों की तलाश के लिए सीओ सिटी के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे सिद्धनपुरा निवासी कृष्णपाल यादव बुढ़वार रोड स्थित आईटीआई कॉलेज के पास पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान इंदल सिंह यादव अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। कृष्णपाल के इनकार करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर दिया। हमले में कृष्णपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे को बचाने पहुंचे माता-पिता पर भी हमला बेटे पर हमले की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता घनश्याम यादव और मां गुड्डी यादव मौके की ओर आ रहे थे। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने दोनों को भी रोक लिया और लाठी-डंडों व सरिया से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इलाज के दौरान हुई मौत, दो की हालत गंभीर घटना के बाद परिजन सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज ले गए। हालत गंभीर होने पर तीनों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मंगलवार शाम इलाज के दौरान घनश्याम यादव की मौत हो गई। वहीं कृष्णपाल यादव और गुड्डी यादव की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। परिजनों में दहशत, गिरफ्तारी का इंतजार परिजनों का कहना है कि घटना को खुलेआम अंजाम दिया गया, लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *