![]()
ग्रेटर नोएडा में हाथी दांत की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को रविवार शाम पांच बजे गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 1.45 किलोग्राम (1450 ग्राम) हाथी दांत बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने गौर सिटी-2 स्थित न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास एक खाली प्लॉट में घेराबंदी की। इसी दौरान दो संदिग्ध वहां पहुंचे, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.45 किलो हाथी दांत बरामद हुआ। बुलंदशहर और गाजियाबाद के रहने वाले हैं आरोपी पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजेंद्र, निवासी ग्राम रिवाड़ा, थाना जहांगीराबाद (बुलंदशहर) और संदीप, निवासी खोडा कॉलोनी (गाजियाबाद) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों वर्तमान में बस्ती जिले के ग्राम मुडियार, रुधौली क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बरामद हाथी दांत कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क पर नजर प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हाथी दांत की तस्करी संगठित नेटवर्क के जरिए की जा रही थी। पुलिस और वन विभाग इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि कहीं इसका संबंध अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से तो नहीं है।
Source link
ग्रेटर नोएडा में 20 लाख का हाथी दांत बरामद:पुलिस-वन विभाग ने 2 तस्करों को दबोचा, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू