ग्रामीण की मौत, ससुराल वालों पर जहर देने का आरोप:डेढ़ महीने पहले नशा मुक्ति केंद्र से लौटा था, पुलिस जांच में जुटी


संभल जिले के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के लक्ष्मपुर गांव में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक के ससुराल पक्ष ने जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय रंजीत उर्फ फतेह सिंह पुत्र देशराज सिंह के रूप में हुई है। उसकी मौत की सूचना बहनोई के साले अमरपाल पुत्र मोहनलाल निवासी सैद सराय, थाना फैजगंज बेहटा, जनपद बदायूं ने फोन पर पुलिस को दी थी। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। परिजनों से बातचीत के बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह घटना शुक्रवार देर रात की है। शनिवार शाम 6 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। रंजीत अपने पीछे पत्नी सर्वेश कुमारी, तीन बेटियां राखी, मंजू, काजल और एक बेटा हर्षित छोड़ गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक नशे का आदी था और डेढ़ महीने पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से लौटा था। परिवार ने उसे नशे से छुटकारा दिलाने के लिए भर्ती कराया था, लेकिन लंबे समय तक केंद्र में रहने के बावजूद वह नशे की लत से मुक्त नहीं हो पाया था। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि ग्रामीण की मौत की सूचना पर पुलिस टीम के साथ वे खुद मौके पर गए थे। ससुराल पक्ष ने जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *