गौरीगंज मंडल में भाजपा का डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम:बूथ कार्यकर्ताओं को तकनीक से जोड़ा, जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल मौजूद रहे


अमेठी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन को डिजिटल रूप से सशक्त करने की मुहिम तेज हो गई है। इसी क्रम में गौरीगंज मंडल के हरदोइया और चंदौकी शक्ति केंद्र पर डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बूथ कार्यकर्ताओं को तकनीक का उपयोग कर संगठनात्मक कार्यों के लिए प्रशिक्षित करना था। डिजिटल सशक्तिकरण अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बूथ कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया, पार्टी ऐप और अन्य डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। उन्हें संगठन के आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने और तकनीक के माध्यम से जनता तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का है और बूथ स्तर तक डिजिटल मजबूती से ही पार्टी और अधिक सशक्त होगी। जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे डिजिटल प्रशिक्षण का लाभ उठाकर संगठन के काम को गति दें और हर बूथ को तकनीक से जोड़कर भाजपा को और सशक्त बनाएं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष काशी मिश्रा, शक्ति केंद्र संयोजक दया शंकर और बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *