गोरखपुर में 26वीं वाहिनी PAC में दीक्षांत परेड:595 रिक्रूट आरक्षी बने जवान, CM योगी ने वर्चुअल संबोधन में दी शुभकामनाएं


गोरखपुर में 26वीं वाहिनी PAC में रविवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 595 रिक्रूट आरक्षियों ने अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन पद्मजा चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। सेनानायक निहारिका शर्मा की मौजूदगी में पूरा कार्यक्रम संपन्न हुआ। समारोह के दौरान CM योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर के करीब 60 हजार प्रशिक्षुओं को संबोधित किया। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस सेवा में आने के बाद जिम्मेदारी पहले से ज्यादा बढ़ जाती है, इसलिए हर जवान को ईमानदारी, अनुशासन और लगन के साथ काम करना चाहिए। जिम्मेदारी निभाने की मिली सीख
मुख्य अतिथि पद्मजा चौहान ने रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस बल का हिस्सा बनने के बाद समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी बढ़ जाती है। उन्होंने जवानों को मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों को निभाने की सलाह दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, लखनऊ के निर्देश पर 21 जुलाई 2025 से पूरे प्रदेश के 112 प्रशिक्षण केंद्रों में आधारभूत प्रशिक्षण शुरू किया गया था। इसी क्रम में गोरखपुर की 26वीं वाहिनी PAC में 595 रिक्रूट आरक्षियों ने तय पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण पूरा किया। हर जरूरी विषय की दी गई ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के दौरान रिक्रूट्स को शारीरिक अभ्यास, कानून की जानकारी, आपात स्थिति से निपटने के तरीके, हथियार संचालन, ड्रिल और अनुशासन की ट्रेनिंग दी गई। इसके साथ ही उन्हें टीम में काम करना और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेना भी सिखाया गया। कार्यक्रम में शिविरपाल मोहम्मद कासिम, इनडोर प्रभारी मैनेजर यादव, आरटीसी प्रभारी संजय यादव, सूबेदार सैन्य सहायक नागेंद्र गुप्ता समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में रिक्रूट आरक्षियों के चेहरे पर प्रशिक्षण पूरा होने की खुशी साफ नजर आई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *