![]()
गोरखपुर में शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की स्थिति पूरी तरह सामान्य नजर आई। एक दिन पहले जहां पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लगी थीं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा था, वहीं अब हालात काफी बदल गए हैं। शुक्रवार को सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर भीड़ बेहद कम रही और लोग बिना किसी परेशानी के आसानी से तेल भरवाते दिखे। शहर के अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर सुबह से दोपहर तक सिर्फ 8–10 लोग ही मौजूद रहे। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, भीड़ और कम होती गई। शाम होते-होते कई पंपों पर सिर्फ 1–2 लोग ही नजर आए। ज्यादातर लोग अपनी गाड़ी में 1–2 मिनट के भीतर पेट्रोल या डीजल भरवाकर तुरंत आगे बढ़ जा रहे थे, जिससे कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी। रेल म्यूजियम के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर भी पहले जैसी सामान्य स्थिति देखने को मिली। यहां न तो कोई लंबी लाइन थी और न ही लोगों में किसी तरह की घबराहट। लोग सामान्य दिनों की तरह आ-जा रहे थे और जल्दी-जल्दी अपनी जरूरत का तेल भरवा रहे थे। पंप के मैनेजर अशोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि- आज की स्थिति कल से सामान्य है। कल भी सामान्य थी बस लोग पैनिक मचा दिए थे। जिसकी वजह से इतनी भीड़ इकट्ठा हो गई थी।” इसी तरह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भारत पेट्रोलियम के मैनेजर विजय भारती ने भी साफ किया कि तेल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि- पहले भी कोई कमी नहीं थी। अभी भी कोई कमी नहीं है। लोगों से यही अपील है कि जितनी जरूरत है उतना ही तेल भरवाए। जैसे पहले चलता था।” दरअसल, बृहस्पतिवार को सुबह से ही किसी अफवाह के चलते लोगों में घबराहट फैल गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए और देखते ही देखते लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई जगहों पर लोगों को घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। शहर के अलग-अलग इलाकों से भीड़ की तस्वीरें सामने आईं, जिससे माहौल और ज्यादा चिंताजनक हो गया। हालांकि, प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए निगरानी बढ़ा दी। पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर लगातार नजर रखी गई और लोगों को भरोसा दिलाया गया कि किसी तरह की कमी नहीं है। डीएम दीपक मीणा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि- लोगों को इस समय अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। लोग पैनिक नहीं होते तो ऐसी स्थिति नहीं होता। फिलहाल अभी स्थिति सामान्य है।” प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों की ओर से लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। ऐसे में लोगों को घबराने या जरूरत से ज्यादा तेल भरवाने की आवश्यकता नहीं है।
Source link
गोरखपुर में सोमवार को पसरा रहा सन्नाटा, देखें VIDEO:DM बोले- पैनिक होने की जरूरत नहीं, मैनेजर ने कहा- सबको मिल रहा तेल