![]()
गोरखपुर में बरसात के दिनों में जलभराव से परेशान किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह और निवर्तमान जिला महामंत्री सबल सिंह पालीवाल ने रविवार को दोपहर 2:00 बजे लखनऊ में उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर सहजनवा और बांसगांव विधानसभा क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। चोरमा नाले की सफाई से किसानों को मिलेगी राहत युधिष्ठिर सिंह ने बताया कि सहजनवा विधानसभा के पाली ब्लॉक का चोरमा नाला बखिरा झील से निकलकर कई गांवों से होते हुए राप्ती नदी में मिलता है। वर्षों से गाद भरने और कई जगह अतिक्रमण होने के कारण बरसात का पानी समय पर नहीं निकल पाता। इससे हजारों एकड़ खेती की जमीन में पानी भर जाता है और किसानों को धान समेत दूसरी फसलों की बुआई में देरी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नाले की सफाई, खुदाई, पैमाइश कर अतिक्रमण हटाने और जरूरत वाले स्थानों पर मोटर पंप लगाने की मांग की। बड़ा फाटक बनने से आसान होगी खेती सबल सिंह पालीवाल ने बांसगांव विधानसभा के गगहा ब्लॉक की समस्या उठाते हुए बताया कि गगहा-रकहट मार्ग पर सिंचाई विभाग का पुराना फाटक पानी की निकासी के लिए पर्याप्त नहीं है। बरसात में ताल का पानी धीरे-धीरे निकलने से खेत लंबे समय तक जलमग्न रहते हैं। इससे रबी की बुआई देर से होती है और किसानों की पैदावार भी प्रभावित होती है। उन्होंने यहां अधिक क्षमता वाला नया फाटक बनवाने की मांग की, ताकि पानी तेजी से निकल सके और खेत समय पर खेती के लिए तैयार हो सकें। जल्द कार्रवाई की मांग दोनों नेताओं ने जलशक्ति मंत्री से कहा कि यदि इन दोनों परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू होता है तो गोरखपुर के हजारों किसानों को हर साल होने वाले जलभराव से राहत मिलेगी। समय पर बुआई होगी, फसलों का नुकसान कम होगा और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों के हित में संबंधित विभाग को जल्द आवश्यक निर्देश देने की मांग की।
Source link
गोरखपुर के किसानों की समस्याएं जलशक्ति मंत्री तक पहुंचीं:जलभराव से राहत दिलाने की मांग, चोरमा नाले की सफाई- बड़ा फाटक बनाने पर भी जोर