![]()
गोंडा में ग्रामीण परिवहन सेवाओं के संचालन को लेकर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने आज बुधवार देर शाम 5 बजे एक बैठक की है। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग और गोंडा संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ हुई। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा को मजबूत करना और यात्रियों को बेहतर आवागमन उपलब्ध कराना है। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रस्तावित ग्रामीण परिवहन सेवा इस तरह संचालित की जाए कि वाहन ग्रामीण अंचलों से यात्रियों को लेकर ब्लॉक मुख्यालय, तहसील मुख्यालय होते हुए जिला मुख्यालय तक नियमित रूप से आवागमन करें। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण नागरिकों को ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा होगी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को परिवहन सेवा के मार्ग, समय सारणी और संचालन व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने सेवा का संचालन समयबद्ध और सुरक्षित तरीके से सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, एआरएम रोडवेज, एआरटीओ प्रवर्तन आर.सी. भारतीय सहित रोडवेज विभाग, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर इस योजना को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक के बाद जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि ग्रामीण परिवहन संचालन से ग्रामीण इलाकों के लोगों को ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय आने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही गोंडा में ग्रामीण परिवहन सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे ग्रामीण यात्रियों को लाभ मिल सके।
Source link
गोंडा के ग्रामीण इलाकों में भी अब चलेंगी रोडवेज बसें:DM ने की बैठक, गांव के लोगों को यात्रा में होगी आसानी