![]()
गाजीपुर में सोमवार दोपहर 12 बजे गौ सम्मान आवाहन अभियान के दूसरे चरण के तहत जनजागरण कार्यक्रम और बाइक रैली निकाली गई। संत-महात्माओं और नागरिकों की अगुवाई में यह रैली बूढ़े महादेव मंदिर, रुईमंडी से शुरू होकर मिश्र बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए सरजू पांडेय पार्क पहुंची। यहां डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिए जाने की मांग की गई। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पूज्य श्री श्री 1008 भोला गिरी जी महाराज, महामंडलेश्वर बलराम दास जी महाराज और श्री गंगासागर जी महाराज ने किया। अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि पहले चरण में 27 अप्रैल को देश की सभी तहसीलों पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। दूसरे चरण के तहत 27 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों पर जिलाधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन दिए जा रहे हैं। अभियान के संयोजकों के अनुसार, तीसरे चरण में 27 अगस्त को मुख्यमंत्री और राज्यपाल के माध्यम से दोबारा ज्ञापन सौंपकर जनआंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर भोला गिरी जी महाराज ने कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति, आस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने लोगों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उपस्थित लोगों ने गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के लिए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री विजय मिश्र के प्रतिनिधि जेपी चौरसिया, ई. अखिलेश सिंह, डब्बू श्रीवास्तव, रवि राज गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, गुड्डू राय, संत द्वारिका प्रसाद, शम्भू गुप्ता, विजय कश्यप, मनिंद्र कुशवाहा, सरदार रणवीर सिंह, ओमकार वर्मा, राम निवास कुशवाहा और विश्वजीत मौर्या सहित बड़ी संख्या में संत, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Source link
गाजीपुर में गौ सम्मान अभियान:साधुओं ने बाइक रैली निकाली, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री से गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाने की मांग