गाजियाबाद पुलिस ने 603 लोगों को हिरासत में लिया:सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर हुई कार्रवाई


गाजियाबाद पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 603 लोगों को हिरासत में लिया गया। यह अभियान शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य उन लोगों पर कार्रवाई करना था जो सार्वजनिक स्थानों, सड़कों या शराब के ठेकों के बाहर खुले में शराब पीकर आम लोगों को परेशानी पहुंचाते हैं। पुलिस ने कुल 188 स्थानों पर चेकिंग की और 2686 लोगों की जांच की। जांच के दौरान, 603 लोग खुलेआम सड़क या सार्वजनिक जगहों पर शराब पीते हुए पाए गए। इन सभी को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और उनका मेडिकल करवाया गया। इसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। वहीं, कुछ लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। जोन के अनुसार, नगर जोन में 37 जगहों पर चेकिंग हुई, जिसमें 886 लोगों की जांच की गई और 100 लोगों पर कार्रवाई हुई। ट्रांस हिंडन जोन में 53 स्थानों पर 755 लोगों की जांच हुई और 184 लोगों को हिरासत में लिया गया। ग्रामीण जोन में सर्वाधिक 98 स्थानों पर चेकिंग की गई, जहां 1045 लोगों की जांच हुई और 319 लोगों पर कार्रवाई की गई। इस पूरे अभियान में सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों का मकसद शहर में अनुशासन बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है। गाजियाबाद पुलिस भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखेगी ताकि शहर में शांति और व्यवस्था बनी रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *