गन्ना भुगतान नहीं करने पर 2 मिल को नोटिस:हापुड़ में चीनी मिल के अफसर मीटिंग से गायब रहने पर चेयरमैन ने जताई नाराजगी


हापुड़ में सहकारी गन्ना विकास समिति के चेयरमैन कुणाल चौधरी ने गन्ना भुगतान में देरी को लेकर चीनी मिलों को नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं के निस्तारण पर जोर दिया। चेयरमैन कुणाल चौधरी ने बताया कि सिम्भावली चीनी मिल ने अब तक केवल 31 प्रतिशत और बृजनाथपुर चीनी मिल ने मात्र 24 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। इसे असंतोषजनक बताते हुए दोनों मिलों को तत्काल बकाया भुगतान करने के निर्देश के साथ नोटिस जारी किए गए हैं। कुणाल चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों का शेष भुगतान जल्द नहीं किया गया, तो आगामी पेराई सत्र में इन मिलों को समिति द्वारा क्रय केंद्र आवंटित नहीं किए जाएंगे। बैठक में चार अन्य चीनी मिलों के प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी व्यक्त की गई और उन्हें गैरहाजिरी का नोटिस जारी किया गया। चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त, चीनी मिलों को गन्ना फसल को रोग और कीटों से बचाने के लिए टैंकरों से यूरिया का घोल छिड़काव कराने तथा रोग एवं कीट नियंत्रण की दवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में गन्ना विभाग की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई और समिति सदस्यों व चीनी मिल प्रतिनिधियों से इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया गया। चेयरमैन कुणाल चौधरी ने दोहराया कि किसानों का बकाया भुगतान समय पर सुनिश्चित करना, उनकी फसल की सुरक्षा करना और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *