![]()
फर्रुखाबाद में आगामी गंगा दशहरा और बकरीद त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर राठौर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पांचाल घाट पर मेडिकल कैंप स्थापित किया जाए और घाट के दोनों ओर दो-दो एंबुलेंस तैनात की जाएं। इसके अलावा, घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और पुलिस वॉच टॉवर लगाने के साथ-साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम की भी समुचित व्यवस्था की जाए। नाव, नाविक और गोताखोरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। हाईमास्ट लाइट को ठीक कराने के निर्देश दिए
डीएम ने सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और गंगा पुल पर लगी हाईमास्ट लाइट को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर स्पष्ट साइनेज लगाने और श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। श्रंगीरामपुर और ढाई घाट पर भी दो-दो एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत को अपने सभी घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और गोताखोरों की तैनाती कर उनकी सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को पांचाल घाट सहित सभी प्रमुख स्थलों पर पेयजल आपूर्ति, मोबाइल शौचालय और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने के भी निर्देश दिए गए। खुली जगह में नमाज न की जाए अदा
बकरीद के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सभी ईदगाहों एवं मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बेहतर साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। कहा गया मुस्लिम समुदाय क्षेत्रों में प्रतिदिन कम से कम दो बार कूड़ेदानों की सफाई कराई जाए तथा इसकी विशेष मॉनिटरिंग की जाए। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी खुली जगह पर नमाज अदा न की जाए। किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाए तथा खुले में कुर्बानी न हो। चिन्हित स्थलों पर ही कुर्बानी किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुर्बानी से संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करने की अपील की गई।
कानून व्यवस्था भंग करने का न हो प्रयास
पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास न करे। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा ट्रैफिक डायवर्जन का समय एवं रूट चार्ट पूर्व निर्धारित कर प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने आमजन से भी प्रशासन का सहयोग करने एवं शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।बैठक में अपर जिलाधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, संबंधित अधिकारी, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
Source link