![]()
हरदोई में एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो ममेरे भाइयों की मौत हो गई। यह घटना बुधवार रात करीब 8 बजे माधौगंज थाना क्षेत्र के सेलापुर रोड पर गंगा एक्सप्रेस-वे के पास हुई। वे अपनी बहन की शादी का तिलक चढ़ाने जा रहे थे। मृतकों की पहचान बिलग्राम कोतवाली के गनीपुर निवासी 26 वर्षीय ब्रजमोहन मिश्रा और उनके 30 वर्षीय ममेरे भाई अजय पांडेय के रूप में हुई है। ब्रजमोहन अपनी तीसरी बहन का तिलक चढ़ाने माधौगंज थाने के तपनौर जा रहे थे। बुधवार को तिलक का कार्यक्रम था। रात के समय सेलापुर रोड पर गंगा एक्सप्रेस-वे के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई थी। कन्नौज से लौट रहे रूदामऊ के प्रधान कृष्ण कुमार ने सेलापुर के पास दोनों को सड़क पर पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को सीएचसी माधौगंज पहुंचाया। डॉक्टरों ने ब्रजमोहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुछ ही देर बाद अजय ने भी दम तोड़ दिया। ब्रजमोहन मिश्रा शादीशुदा थे और उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक मूकबधिर है। वह अपने दो भाइयों में बड़े थे और उनकी चार बहनें हैं। अजय पांडेय अविवाहित थे और अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पुलिस की शुरुआती जांच में इसे सड़क हादसा माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
गंगा एक्सप्रेस-वे के पास हादसा, दो ममेरे भाइयों की मौत:बहन की शादी का तिलक चढ़ाने जा रहे थे, वाहन ने बाइक में मारी टक्कर