समाजसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कृत समाजसेवी राजीव टंडन और राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाध्यापिका एवं समाजसेविका आरती टंडन को ‘काशी रत्न गौरव सम्मान 2026’ से विभूषित किया गया। वूमन स्पिरिट क्रिएशन
.
कार्यक्रम की आयोजक सोनी जायसवाल और विशिष्ट अतिथि डॉ. रचना अग्रवाल ने दोनों को सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यों की सराहना की। राजीव टंडन और आरती टंडन लंबे समय से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए समर्पित हैं। वर्ष 2015 से उनके द्वारा ‘बाबा जी की फ्री पाठशाला’ के माध्यम से बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही बच्चों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जाता है। आरती टंडन को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हो चुका है। वहीं, राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित राजीव टंडन समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए जरूरतमंद बच्चों और समाज के वंचित वर्ग के लिए कार्य कर रहे हैं। सम्मान प्राप्त होने पर राजीव और आरती टंडन ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान समाजसेवा के संकल्प को और मजबूत करने के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों के लिए और अधिक कार्य करने की प्रेरणा देता है।

