![]()
प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी विद्यार्थियों को जल्द ही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में बोनस अंक मिल सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोनस अंक देने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा है। प्रस्ताव लागू होने पर योग्य खिलाड़ी छात्र-छात्राओं को अतिरिक्त अंकों का लाभ मिलेगा। प्रस्ताव के अनुसार बोनस अंक केवल उन्हीं परीक्षार्थियों को मिलेंगे, जिन्होंने परीक्षा में शामिल होने से पहले राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रथम, द्वितीय या तृतीय स्थान प्राप्त किया हो। संबंधित प्रतियोगिता का प्रमाण पत्र परीक्षा वर्ष की 31 जनवरी तक जमा कराना अनिवार्य होगा। कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी इस सुविधा का लाभ नहीं ले सकेंगे। हाईस्कूल परीक्षा में दिए गए बोनस अंक अंक-पत्र और प्रमाण-पत्र में अलग से दर्शाए जाएंगे, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में ये अंक कुल प्राप्तांक में जोड़े जाएंगे। यदि कोई परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण होता है तो बोनस अंक अधिकतम दो विषयों में ग्रेस मार्क के रूप में जोड़े जाएंगे। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि एक प्रमाण-पत्र पर केवल एक बार बोनस अंक दिए जाएंगे। यदि किसी विद्यार्थी के पास एक से अधिक प्रमाण-पत्र होंगे तो केवल वह प्रमाण-पत्र मान्य होगा जिससे अधिकतम अंक प्राप्त होंगे। बोनस अंक केवल उन खिलाड़ियों को प्रदान किए जाएंगे जिन्होंने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो। कक्षा नौ और 11 में प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः अगले वर्ष की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए विद्यार्थियों को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में प्रमाण-पत्र जमा कर आवेदन करना होगा।
Source link
खिलाड़ी छात्रों को हाईस्कूल व इंटर में मिलेंगे बोनस अंक:यूपी बोर्ड ने खेल प्रतिभाओं के लिए बोनस अंक प्रस्तावित किया