खाद्य सुरक्षा विभाग ने 400 किलो पनीर नष्ट कराया:बुलंदशहर में मिलावटी और असुरक्षित पनीर पर कार्रवाई, रक्षाबंधन को लेकर तैयारी


बुलंदशहर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार रात 1 बजे विभाग की टीम ने लगभग 400 किलोग्राम असुरक्षित पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। यह कार्रवाई एक बोलोरो मैक्स सीएनजी वाहन (संख्या UP 13ET 3904) को रोकने के बाद की गई। वाहन में दो बड़े कंटेनरों में बिक्री के लिए लगभग 400 किलोग्राम पनीर रखा हुआ था। इस पनीर की अनुमानित बाजार कीमत 1,12,000 रुपये बताई गई है। निरीक्षण के दौरान, पनीर अस्वच्छ और अस्वास्थ्यप्रद स्थिति में पाया गया। स्वाद में खट्टा होने के कारण यह मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त घोषित किया गया। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, खाद्य सुरक्षा टीम ने इसे तत्काल नष्ट कर दिया। इसके अतिरिक्त, नियमानुसार आगे की जांच और लैब टेस्ट के लिए पनीर के दो विधिक नमूने भी लिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी ममता चौधरी ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों और जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *