कौशांबी में स्कूली बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा:ग्रामीणों को 'हर घर तिरंगा' अभियान के प्रति किया जागरूक


कौशांबी के विकास खंड कड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में बुधवार को शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा का उद्देश्य ग्रामीणों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक करना था। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर गांव की गलियों में मार्च किया और ग्रामीणों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। यात्रा के दौरान बच्चों ने विभिन्न देशभक्ति नारे लगाए, जिनमें “घर-घर तिरंगा फहराएगा, हमें आजादी की याद दिलाएगा”, “भारत की है शान तिरंगा, भारत की है पहचान तिरंगा” और “तीन रंग का प्यारा झंडा, हर घर में लहराए तिरंगा” प्रमुख थे। इन नारों के माध्यम से उन्होंने ग्रामीणों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। शिक्षा मित्र बीरेंद्र कुमार ने बच्चों के साथ मिलकर प्रसिद्ध कवि श्यामलाल गुप्त ‘पार्षद’ का झंडा गीत “झंडा ऊंचा रहे हमारा” और “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा” प्रस्तुत किया। इन देशभक्ति गीतों की गूंज से विद्यालय और गांव का वातावरण राष्ट्रभक्ति से भर गया। बच्चों और ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक इन गीतों में भाग लिया।
यह तिरंगा यात्रा विद्यालय से शुरू होकर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरी और वापस विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान शिक्षकों ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्रीय पर्वों के महत्व के बारे में जानकारी दी। प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू ने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करते हैं। इस तिरंगा यात्रा में ग्राम प्रधान शिवप्रताप सिंह, प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू, सहायक अध्यापिका रिया सेठी, शिक्षा मित्र बीरेंद्र कुमार, संध्या देवी पटेल, प्रशिक्षु अंजली देवी और वालंटियर रोहिणी देवी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल थे। ग्रामीणों ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *