![]()
कौशांबी के सिहोरी टोल प्लाजा पर हुए एलपीजी टैंकर हादसे में दो और लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके साथ ही इस दुर्घटना में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर पांच हो गई है। एक अन्य घायल का इलाज अभी भी जारी है। गुरुवार को हीरामणि सिंह (29) और कृष्णपाल मौर्य ने दम तोड़ दिया। हीरामणि रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र के राजापुर के निवासी थे, जबकि कृष्णपाल मौर्य मध्य प्रदेश के सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के कठैली गांव के रहने वाले थे। यह हादसा बीते 26 जून शुक्रवार की सुबह करीब 6:40 बजे हुआ था, जब एक एलपीजी गैस टैंकर टोल प्लाजा की दीवार से टकरा गया था। टक्कर के बाद भीषण आग लग गई थी, जिससे पूरा टोल प्लाजा जलकर राख हो गया था। हादसे के दिन ही टैंकर चालक धर्मेंद्र दुबे (40) और टोल कर्मचारी आलोक सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद बुधवार रात को टोल कर्मचारी अनिल कुमार ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। मृतक हीरामणि सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके चाचा माधव प्रताप सिंह के अनुसार, चार साल पहले उनके पिता वीरेंद्र बहादुर सिंह का निधन हो गया था। उनके परिवार में मां मायावती सिंह, पत्नी प्रतिभा सिंह और दो छोटे बेटे युग (9) और वेद (5) हैं। कृष्णपाल मौर्य दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई वेद प्रकाश मौर्य ने बताया कि कृष्णपाल पिछले दो वर्षों से कौशांबी के कोखराज स्थित सिहोरी टोल प्लाजा पर कार्यरत थे। पुलिस अब मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा रही है। घायल अतुल कुमार मिश्रा का प्रयागराज के बर्न वार्ड में इलाज चल रहा है।
Source link
कौशांबी टैंकर हादसे में दो और की मौत:टोल प्लाजा की दीवार से टकराने से हुआ था हादसा, मृतकों की संख्या 5 हुई, 1 घायल