अभिषेक सिंह | सीतापुर3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सीतापुर में हरगांव थाना प्रभारी बलवंत शाही को एसपी अंकुर अग्रवाल ने गुरुवार शाम 10 बजे लाइन हाजिर कर दिया है। बताया जा रहा है कि कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही से विवाद और काम में लापरवाही के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। क्राइम मीटिंग में भी थाना स्तर के कामों में कई खामियां सामने आने के बाद एसपी ने कड़ा रुख अपनाया था।
21 जून को हरगांव थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि घटना के बाद थाना प्रभारी ने तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया। इस मामले को लेकर कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने नाराजगी भी जताई थी। मंत्री का कहना था कि एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाए, जबकि थाना प्रभारी बलवंत शाही का पक्ष था कि मारपीट की घटना में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

मामला बढ़ने पर मंत्री ने एसपी अंकुर अग्रवाल से मुलाकात कर थाना प्रभारी की कार्यशैली की शिकायत की। इसके बाद एसपी के हस्तक्षेप पर हरगांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के बाद थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे।
इसी बीच बुधवार रात आयोजित क्राइम मीटिंग में भी हरगांव थाने के कार्यों की समीक्षा के दौरान कई कमियां सामने आईं। लंबित मामलों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं पर संतोषजनक प्रगति न मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताई।

इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए एसपी अंकुर अग्रवाल ने थाना प्रभारी बलवंत शाही को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। हालांकि विभागीय स्तर पर मामले की समीक्षा और आगे की कार्रवाई भी जारी है।
