केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी अंकित बालियान के घर पहुंचे:परिजनों से मिले, संवेदना व्यक्त कर न्याय का भरोसा दिलाया


हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के बाद केंद्रीय मंत्री और आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी सोमवार को बनती खेड़ा स्थित अंकित बालियान के आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और परिवार को दुख की इस घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। जयंत चौधरी के पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अंकित के आवास पर जमा हो गए। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। आवास और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी और आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी गई। इस दौरान राजपाल बालियान, प्रसन्न चौधरी, अशरफ अली खान, अब्दुल राव वारिश, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, बीर सिंह मलिक, संदीप मलिक, डीएम आलोक यादव, एसपी एनपी सिंह, योगेंद्र चेयरमैन, अनिल मंत्री, तरसपाल मलिक, निजी सलाहकार बीरपाल मलिक और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उधर, बीती रात पुलिस मुठभेड़ में अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों के मारे जाने के बाद परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी। अंकित के पिता ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई से उन्हें कुछ हद तक संतुष्टि मिली है। हालांकि, उन्होंने पूरे मामले की सच्चाई सामने आने और परिवार को न्याय मिलने की मांग की। अंकित की हत्या के बाद से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। परिजन लगातार हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के परिवार से मिलने पहुंचने और पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों के मारे जाने के बाद यह हत्याकांड एक बार फिर क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *