![]()
अयोध्या के आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बुधवार सुबह मौत हो गई। परिजनों ने जहरीले जीव के काटने से मौत की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हलियापुर थाना क्षेत्र के रामपुर बबुवान गांव के रहने वाले राम अवतार (59) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह वह घर की पशुशाला में मवेशियों को हटा रहे थे। इसी दौरान उनके पैर में किसी जहरीले जीव ने काट लिया। इसके कुछ ही देर बाद राम अवतार की हालत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सौ शैय्या संयुक्त अस्पताल कुमारगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कृषि विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। परिजनों ने जहरीले जंतु के काटने से हालत बिगड़ने की जानकारी दी है। घटना की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। कर्मचारी की मौत से परिवार और विश्वविद्यालय कर्मियों में शोक है।
Source link
कृषि विश्वविद्यालय कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:अयोध्या में जहरीले जीव के काटने का शक, पशुशाला में मवेशी हटा रहे थे