![]()
शहर की तस्वीर बदलने वाले दो बड़े प्रोजेक्ट अब लोकार्पण के लिए तैयार हैं। नौरंगीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और बारहद्वारी मल्टीलेवल कार पार्किंग-सह-शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर करीब 50-50 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए हैं। दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण प्रधानमंत्री से कराने की तैयारी है। दूसरी तरफ सीएम ग्रिड के पहले चरण में शहर की 7 प्रमुख सड़कें पूरी हो चुकी हैं, जबकि दूसरे चरण की 4 सड़कों पर काम तेजी से चल रहा है। अगले 10-15 दिन में पहले चरण की सड़कों का भी लोकार्पण कराने की तैयारी है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने दैनिक भास्कर को बताया कि पिछले कुछ वर्षों, खासकर पिछले एक साल में शहर में बुनियादी सुविधाओं के स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। उनका कहना है कि बड़े प्रोजेक्ट के साथ मोहल्लों और गलियों के छोटे कामों पर भी एक साथ फोकस किया गया है। इसका असर अब सड़क, जलभराव, पेयजल और पार्किंग जैसी पुरानी समस्याओं में दिखाई दे रहा है।
सीएम ग्रिड की 7 सड़कें तैयार, अब लोकार्पण
शहर की खराब सड़कों को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों के बीच सीएम ग्रिड के पहले चरण का काम पूरा हो गया है। नगर आयुक्त के मुताबिक पहले चरण में 7 सड़कें तैयार हैं। इनमें खैर रोड, रामघाट रोड, मैरिस रोड, सौ फुटा, रेलवे रोड और आईटीआई रोड समेत प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों को केवल नया डामर डालकर तैयार नहीं किया गया, बल्कि सड़क के साथ ड्रेनेज, फुटपाथ, यूटिलिटी और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि अगले 10 से 15 दिन में इन सड़कों का लोकार्पण कराने की तैयारी है।
दूसरे चरण में बौनेर-छर्रा अड्डा सबसे बड़ा काम
सीएम ग्रिड के दूसरे चरण में चार सड़कों पर काम चल रहा है। इनमें बौनेर से छर्रा अड्डा तक का मार्ग सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। नगर आयुक्त के मुताबिक इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके साथ स्वर्ण जयंती नगर, रघुवीरपुरी और सूत मिल क्षेत्र की सड़कें भी दूसरे चरण में शामिल हैं। इनका काम भी जल्द पूरा करने की तैयारी है। तीसरे चरण के काम की शुरुआत भी हो चुकी है। नगर निगम के स्तर पर सीएम ग्रिड के लिए 2026-27 में करीब 144 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। इससे साफ है कि शहर में सड़क सुधार की कवायद केवल कुछ प्रमुख मार्गों तक सीमित नहीं रहने वाली है।
30 लाख तक के 4500 से ज्यादा छोटे काम
बड़ी सड़कों के साथ शहर की अंदरूनी गलियों और मोहल्लों की समस्याओं पर भी नगर निगम ने फोकस किया है। नगर आयुक्त के मुताबिक 30 लाख रुपये तक की लागत वाले 4500 से ज्यादा छोटे काम शुरू कराए गए हैं। इनमें गलियों, खड़ंजों और स्थानीय स्तर पर जरूरी विकास कार्य शामिल हैं। इसका उद्देश्य यह है कि सीएम ग्रिड जैसी बड़ी परियोजनाओं का असर मुख्य मार्गों पर दिखने के साथ मोहल्लों तक भी पहुंचे।
50 करोड़ का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार
शहर को खेल सुविधाओं के लिहाज से बड़ी सौगात नौरंगीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में मिली है। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना में इनडोर खेलों के साथ आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। कॉम्प्लेक्स में स्वीमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट, बिलियर्ड्स, योगा हॉल, जिम्नेजियम, मल्टीपर्पज हॉल और बास्केटबॉल जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। परियोजना का उद्देश्य शहर के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिता सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अब यह परियोजना लोकार्पण के लिए तैयार है। नगर आयुक्त के मुताबिक इसे प्रधानमंत्री से लोकार्पित कराने की तैयारी की जा रही है।
बारहद्वारी में 49.89 करोड़ की पार्किंग
पुराने शहर में जाम और पार्किंग की समस्या से राहत के लिए बारहद्वारी मल्टीलेवल कार पार्किंग-सह-शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तैयार हो चुका है। स्मार्ट सिटी के इस प्रोजेक्ट पर करीब 49.89 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह परियोजना पुराने शहर में सड़क किनारे होने वाली बेतरतीब पार्किंग का दबाव कम करने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें दुकानों के साथ मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा विकसित की गई है। यानी शहर में एक तरफ सड़कें चौड़ी और व्यवस्थित करने की कवायद चल रही है, तो दूसरी तरफ वाहनों को सड़क से हटाकर पार्किंग की व्यवस्था देने की तैयारी है।
इस बार डेढ़-दो घंटे में निकल गया बारिश का पानी
नगर आयुक्त ने शहर की सबसे पुरानी समस्याओं में शामिल जलभराव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस साल शहर को पहले जैसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा। जहां जलभराव हुआ भी, वहां डेढ़ से दो घंटे में पानी निकाल दिया गया।
मीणा के मुताबिक अलीगढ़ की भौगोलिक स्थिति कटोरेनुमा है। पहले कई मुख्य सड़कों पर बारिश का पानी दो-दो, तीन-तीन दिन तक जमा रहता था। अब सड़क निर्माण के साथ पंपिंग स्टेशनों को अपग्रेड करने और जलनिकासी की क्षमता बढ़ाने पर काम किया गया है।
सराय रहमान और छर्रा अड्डा जैसे इलाकों में भी जलनिकासी व्यवस्था में सुधार किया गया है।
30 नए नलकूप चालू, दो पंपिंग स्टेशन और लगेंगे
पेयजल संकट से निपटने के लिए शहर में 30 नए नलकूप तैयार कर चालू किए गए हैं। इसके साथ पाइपलाइन बिछाने का काम भी चल रहा है। कुछ स्थानों पर काम अभी जारी है। नगर आयुक्त ने बताया कि सराय रहमान और शाहजमाल में दो नए पंपिंग स्टेशन लगाए जाने हैं। इनके चालू होने के बाद जलभराव की समस्या को और स्थायी तरीके से नियंत्रित करने का लक्ष्य है।
नगर आयुक्त बोले- टीम पर गर्व
प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि पिछले एक साल में सड़क, जलनिकासी, पेयजल और बड़े विकास प्रोजेक्ट पर एक साथ काम हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें नगर निगम की टीम पर गर्व है। अब शहर के सामने अगला लक्ष्य तैयार परियोजनाओं को जनता को समर्पित करना और चल रहे कामों को तय समयसीमा में पूरा करना है। सात सीएम ग्रिड सड़कें तैयार हैं, चार पर काम जारी है और तीसरे चरण की शुरुआत हो चुकी है। वहीं करीब 50-50 करोड़ के दो बड़े प्रोजेक्ट लोकार्पण के लिए तैयार हैं।
Source link
अलीगढ़ में तैयार बड़े प्रोजेक्ट अब लोकार्पण की कतार में:नगर आयुक्त बोले-सीएम ग्रिड के तीनों चरणों में सड़कें बदलीं,इस साल न बड़ा जलभराव हुआ, न पेयजल संकट