कुशीनगर सीएचसी में 12 घंटे बिजली ठप:जनरेटर भी बंद मिला, मरीज-डॉक्टर गर्मी से बेहाल


कुशीनगर जिले के कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है। मंगलवार शाम बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद अस्पताल करीब 12 घंटे तक अंधेरे में रहा। आपातकालीन सेवाओं के लिए लगा जनरेटर भी खराब पड़ा था। अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि मंगलवार देर शाम बिजली गुल हो गई थी। बैकअप के लिए जनरेटर चलाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह स्टार्ट नहीं हुआ। बुधवार दोपहर तक अस्पताल में बिजली की व्यवस्था नहीं हो पाई थी। बाद में मैकेनिक बुलाकर जनरेटर की बैटरी ठीक कराई गई, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई और लोगों को राहत मिली। इस घटना से अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं। सीएचसी में पीआईसीयू, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), लेबर रूम, लैब और एक्स-रे जैसे महत्वपूर्ण विभाग संचालित होते हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने और जनरेटर खराब होने से मरीजों की सुरक्षा और इलाज पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। सीएचसी कप्तानगंज के प्रभारी ने बताया कि मुख्य बिजली आपूर्ति बाधित थी और जनरेटर की बैटरी खराब हो गई थी। इसे ठीक कराकर जनरेटर चालू कराया गया। उन्होंने यह भी बताया कि बिजली विभाग के जेई को फोन किया गया था, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। वहीं, बिजली विभाग के एसडीओ कप्तानगंज ने जानकारी दी कि मुख्य लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कुशीनगर ने कहा कि सभी अस्पतालों में आपातकालीन व्यवस्था के लिए जनरेटर लगाए गए हैं। यदि रखरखाव में लापरवाही के कारण जनरेटर खराब मिला है, तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में जिले के किसी भी सीएचसी में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *