कुशीनगर में धनन्जय उपाध्याय घोषित हुए भू-माफिया:प्रशासन ने दिए कार्रवाई के निर्देश, जमीन हड़पने का आरोप


कुशीनगर की जिला स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स ने तमकुहीराज क्षेत्र के मेहदिया बुजुर्ग निवासी धनन्जय उपाध्याय को भू-माफिया घोषित किया है। यह निर्णय हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित टास्क फोर्स की बैठक में लिया गया। प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, उप जिलाधिकारी तमकुहीराज और सीओ तमकुहीराज की संयुक्त जांच में धनन्जय उपाध्याय पर जमीन हड़पने, फर्जी इंद्राज कराने और बैनामा धारकों को धमकाने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। जांच में यह भी पाया गया कि उनके खिलाफ मारपीट, बलवा, घर में घुसकर हमला और धमकी से जुड़े कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना पटहेरवा में दर्ज चार मामलों को जांच का प्रमुख आधार बनाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, धनन्जय उपाध्याय के माता-पिता ने वर्ष 1977 से 2010 के बीच कई लोगों को विधिवत जमीन का बैनामा किया था। आरोप है कि वर्ष 2024 में धनन्जय उपाध्याय ने कथित फर्जी इंद्राज के आधार पर उन्हीं जमीनों पर दावा प्रस्तुत कर कब्जा वापस लेने का प्रयास किया। प्रशासन का कहना है कि विरोध करने पर बैनामा धारकों को धमकाया गया और कहा गया कि जमीन सरकार द्वारा जब्त करा दी जाएगी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत उप जिलाधिकारी न्यायालय में वाद भी दायर किया गया था। जिला प्रशासन ने 1 मई 2017 के शासनादेश के तहत कार्रवाई करते हुए धनन्जय उपाध्याय को आधिकारिक रूप से भू-माफिया घोषित किया है। साथ ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *