![]()
कुशीनगर के कसया नगर में रविवार शाम गेहूं से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। पहले जेसीबी की मदद से ट्रेलर उठाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद हाइड्रा मशीन मंगाई गई, जिसकी मदद से चालक के शव को बाहर निकाला जा सका। हादसा कसया नगर के रामकोला मार्ग पर सेमरी गांव के पास रविवार शाम हुआ। मृतक की पहचान भठही बाबू निवासी अर्जुन यादव (35) पुत्र सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन यादव रविवार शाम गेहूं से भरा ट्रेलर लेकर घर से निकले थे। मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हुआ ट्रेलर जानकारी के अनुसार, ट्रेलर में शुरुआत में चालक समेत दो लोग सवार थे। हालांकि, दूसरा व्यक्ति रास्ते में ही उतर गया था। इसके बाद अर्जुन यादव अकेले ट्रेलर लेकर आगे बढ़ रहे थे। सेमरी गांव के पास मोड़ पर पहुंचते ही अचानक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने गड्ढे में जा पलटा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर के चारों पहिए ऊपर हो गए और चालक केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों को उसका एक पैर केबिन से बाहर दिखाई दे रहा था। जेसीबी से नहीं निकला चालक, हाइड्रा से निकाला शव हादसे की सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले जेसीबी की मदद से ट्रेलर को उठाकर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेलर की स्थिति और चालक के केबिन में फंसे होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद हाइड्रा मशीन मंगाई गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेलर को उठाकर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कसया थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
कुशीनगर में गेहूं लदा ट्रेलर पलटा, चालक की मौत:घंटों की मशक्कत के बाद हाइड्रा से निकाला गया शव