कुमारगंज में घर से जेवर-सामान चोरी:रात में घर के पीछे से घुसे थे, सोते समय की वारदात


जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर करीब तीन लाख रुपये के जेवर और कपड़े चुरा लिए। यह घटना कुमारगंज थाने से लगभग एक किलोमीटर दूर बवा रोड स्थित विनोद सिंह के घर पर हुई है। बताया गया कि बीती रात चोरों ने मकान के पीछे से सेंध लगाई और घर में घुस गए। उन्होंने अंदर रखी पेटी और अलमारी तोड़कर कीमती सामान चुरा लिया। मकान मालिक विनोद सिंह को सुबह करीब 5:45 बजे घटना का पता चला, जब उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ देखा। सूचना मिलते ही कुमारगंज थाने के थानाध्यक्ष सुरेश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास की तलाशी के दौरान घर के पीछे टूटी हुई अटैची और खाली जेवर के डिब्बे मिले। इससे संकेत मिलता है कि चोर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हुए हैं। पीड़ित विनोद सिंह ने पुलिस को बताया कि चोर सोने की चेन,अंगूठी,कान के बाल, झुमकी के साथ-साथ चांदी की छह जोड़ी पायल और छह जोड़ी बिछुआ तथा कपड़े भी ले गए। उन्होंने बताया कि वे अपने घर के बाहर परचून की दुकान चलाते हैं और घटना की रात दुकान के पास ही सो रहे थे। चोरी के समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। विनोद सिंह के परिवार की स्थिति भी सामने आई है। उनकी पत्नी का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और उनका बेटा शिवेंद्र सिंह उर्फ शिबू खाटू श्याम दर्शन के लिए बाहर गया हुआ है। इस कारण घटना के समय घर में कोई नहीं था। पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सुरेश पटेल ने बताया कि अज्ञात चोरों की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस बाग में टूटी हुई अटैची मिली है, वहां प्रतिदिन शराबियों और अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है। उन्होंने आशंका जताई है कि इन्हीं लोगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *