किसान ने हाट निरीक्षक पर धमकी देने का आरोप लगाया:लखीमपुर-खीरी के तिकुनिया मंडी में गेहूं खरीद को लेकर शिकायत, जांच की मांग


लखीमपुर खीरी के तिकुनिया मंडी में गेहूं बिक्री को लेकर एक किसान ने सीनियर हाट निरीक्षक (एसएमआई) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसान का कहना है कि एसएमआई ने उसके साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। किसान ने मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, संबंधित हाट निरीक्षक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। तिकुनिया थाना क्षेत्र के ग्राम सुथना बरसोला निवासी आशीष कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि वह 3 जून को 109 क्विंटल गेहूं बेचने के लिए तिकुनिया मंडी पहुंचे थे। आरोप है कि मंडी में मौजूद सीनियर हाट निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने गेहूं में मिट्टी होने की बात कहकर उसकी तौल कराने से इनकार कर दिया। किसान ने यह भी कहा कि उसी दौरान अन्य किसानों का गेहूं खरीदा जा रहा था, जिससे उसे भेदभाव महसूस हुआ। इस घटना से आहत होकर आशीष कुमार ने मंडी में हुई बातचीत का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और बिना गेहूं बेचे वापस लौट आए। शिकायत के अनुसार, उसी दिन दोपहर करीब 12:57 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर इंद्रजीत सिंह के मोबाइल नंबर से कॉल आई। इस कॉल पर कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और जान से मारने तथा फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। आशीष कुमार का दावा है कि बातचीत की पूरी रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। दूसरी ओर, सीनियर हाट निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो और ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज उनकी नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें ऐसे किसी विवाद की कोई जानकारी नहीं है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *