कासगंज के युवक पर आतंकी संगठन से कनेक्शन:एटीएस रिमांड पर लेकर कर रही पूछताछ, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ाव का शक


कासगंज के किलोनी गांव निवासी एक युवक पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य से संपर्क रखने का आरोप सामने आया है। मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस ने युवक को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, शाहवाज सिद्दीकी को 16 मई को गांव के पास गंगा किनारे से एटीएस टीम पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। अगले दिन परिवार को जानकारी दी गई कि उसके मोबाइल फोन से मिली चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों को शाहवाज के फोन में ऐसी बातचीत मिली है, जो कथित तौर पर उसे पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक सक्रिय सदस्य उमर से जोड़ती है। इसी आधार पर एटीएस मामले की गहन जांच कर रही है। हाल ही में शाहवाज को लखनऊ स्थित एनआईए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एटीएस को पूछताछ के लिए उसकी रिमांड मिली। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बातचीत की प्रकृति क्या थी और क्या किसी प्रकार की देशविरोधी गतिविधि या नेटवर्क से उसका संबंध था। परिवार के अनुसार, शाहवाज पिछले करीब पांच वर्षों से पुणे में मजदूरी कर रहा था। वह दो महीने पहले बकरीद मनाने के लिए गांव आया था। 16 मई को वह घर से करीब दो किलोमीटर दूर गंगा किनारे गया था, जहां से उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। शाहवाज के परिवार में माता-पिता, दो भाई और दो बहनें हैं। उसके पिता आसिफ मजदूरी करते हैं, जबकि मां फादीबा गृहिणी हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें प्रारंभिक जानकारी स्थानीय पुलिस अधिकारियों के माध्यम से मिली थी। शाहवाज की मां ने अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए कहा है कि वह ऐसे किसी कृत्य में शामिल नहीं हो सकता। वहीं, जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *